सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

मुंबई। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनने का इतिहास रच दिया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण से पहले पार्टी नेताओं ने सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दिया, जिसे उन्होंने राज्यसभा के उपाध्यक्ष और अध्यक्ष सीपी राधाकृष्णन को सौंपा। गौरतलब है कि सुनेत्रा पवार को 2024 के लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद वे राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई थीं।

पार्टी विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने अजित पवार को श्रद्धांजलि देते हुए शोक प्रस्ताव पेश किया। इसके बाद दिलीप वलसे पाटिल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन छगन भुजबल ने किया। अन्य विधायकों ने भी सर्वसम्मति से उनका समर्थन किया।

बैठक में दो प्रस्ताव पारित किए गए। पहले प्रस्ताव के तहत सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया, जबकि दूसरे प्रस्ताव में उन्हें पार्टी के सभी अहम फैसले लेने का संवैधानिक अधिकार दिया गया। दोनों प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई।

इधर, शरद पवार ने सुबह आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें शपथ ग्रहण समारोह की कोई जानकारी नहीं थी और इस विषय पर उनसे कोई चर्चा नहीं की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुट 12 तारीख को एक साथ आने वाले हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *