भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत: दुर्ग और हरिद्वार के बीच 19 अप्रैल से चलेगी समर स्पेशल ट्रेन

रायपुर। ग्रीष्मकाल के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा दुर्ग-हरिद्वार-दुर्ग के मध्य 11-11 फेरों के लिए साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08743 दुर्ग-हरिद्वार साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन दुर्ग से 19 अप्रैल से 28 जून तक प्रत्येक रविवार को सुबह 11:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रायपुर, भाटापारा, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया होते हुए अगले दिन सोमवार को सुबह 11:25 बजे हजरत निजामुद्दीन और शाम 17:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 08744 हरिद्वार-दुर्ग साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन हरिद्वार से 20 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को शाम 18:55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड, उसलापुर, भाटापारा और रायपुर होते हुए बुधवार को तड़के 03:00 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 18 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसी-III, 10 स्लीपर, 4 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे। यह ट्रेन रास्ते में दोनों दिशाओं में रायपुर, भाटापारा, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कोसीकलां, निजामुद्दीन, मेरठ नगर और रुड़की स्टेशनों पर रुकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *