सुकमा जिले के पोलमपल्ली इलाके के जंगलों में रविवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह ऑपरेशन District Reserve Guard (DRG) की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर शुरू किया था।
मुठभेड़ के दौरान जवानों ने 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश को मार गिराया। सर्च ऑपरेशन में उसका शव और हथियार भी बरामद किया गया है।
मूचाकी कैलाश सुकमा के चिंतलनार क्षेत्र का रहने वाला था और नक्सली संगठन में प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर (PPCM) था। उस पर ग्रामीणों की हत्या, सुरक्षा बलों पर हमले और IED ब्लास्ट जैसी कई गंभीर घटनाओं में शामिल होने के आरोप थे। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं।
इस बीच बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टलिंगम ने नक्सलियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें और मुख्यधारा में लौट आएं। उन्होंने कहा कि पुनर्वास का मौका अब सीमित समय के लिए ही बचा है।