इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद शुक्रवार को भीषण बम धमाके से दहल गई। शहर के तरलाई इलाके में स्थित एक शिया मस्जिद में जुमे की नमाज के ठीक बाद आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। इस आतंकी हमले में कई लोगों के मारे जाने की प्रारंभिक सूचना है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, धमाका उस समय हुआ जब मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा कर बाहर निकल रहे थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद पूरे इस्लामाबाद शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर इमरजेंसी लागू कर दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल के दस्ते मौके पर पहुंच गए हैं। सुरक्षा बलों ने पूरे तरलाई इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने भी इमरजेंसी घोषित कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह एक आत्मघाती हमला लग रहा है जिसे इमामबाड़ा को निशाना बनाकर अंजाम दिया गया है। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। अधिकारी मौके से साक्ष्य जुटा रहे हैं ताकि हमले की प्रकृति और हमलावर की पहचान स्पष्ट हो सके।