जिला अस्पताल में बुजुर्ग का सफल उपचार, पहुंचविहीन मार्ग के बावजूद समय पर मिली चिकित्सा

कोरिया, 3 फरवरी, 2026/ ग्राम पंचायत बंजारी डांड अंतर्गत बहालपुर रोहना–ठीहाई गांव निवासी लक्ष्मीनारायण पिता घरभरण (70 वर्ष) को पेड़ से गिरने के कारण बाएं पैर में गंभीर चोट आई थी। घटना 3 जनवरी 2026 की है, जिसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां आर्थोपेडिक चिकित्सकों द्वारा उपचार किया गया।

चिकित्सकों के अनुसार मरीज के बाएं पैर की पटेला तथा टिबिया– फिब्युला हड्डी टूट गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 19 जनवरी 2026 को सफल ऑपरेशन किया गया, जिसमें पैर में रॉड डाली गई तथा प्लास्टर लगाया गया। इलाज के बाद 23 जनवरी 2026 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी।

फॉलोअप उपचार एवं ड्रेसिंग हेतु मरीज को पुनः अस्पताल बुलाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण कर जानकारी ली गई।

निरीक्षण में यह सामने आया कि मरीज के घर से मुख्य मार्ग की दूरी लगभग डेढ़ किलोमीटर है, जहां तक वाहन नहीं पहुंच पाते, फिर भी परिजनों के सहयोग से मरीज को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।

मरीज के पुत्र प्रमोद द्वारा 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क का प्रयास किया गया, किंतु संपर्क न हो पाने पर निजी वाहन से मरीज को जिला अस्पताल लाया गया। वर्तमान में मरीज जिला अस्पताल के पुरुष वार्ड में भर्ती है, उनकी स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है तथा चिकित्सकों द्वारा निरंतर उपचार किया जा रहा है।

स./मानिकपुरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *