रायपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले छत्तीसगढ़ में अवैध धान परिवहन पर निगरानी तेज कर दी गई है। एक नवंबर से 16 नवंबर तक कार्रवाई के दौरान लगभग 19 हजार 320 क्विंटल धान जब्त किया गया है।
अवैध परिवहन रोकने के लिए मार्कफेड ने इस वर्ष राज्य की सीमाओं पर चेकपोस्ट स्थापित किए हैं। कलेक्टरों की अध्यक्षता में टास्कफोर्स गठित कर सीमावर्ती जिलों में सघन निगरानी की जा रही है। साथ ही मार्कफेड के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से धान खरीदी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
धान खरीदी से पूर्व अवैध परिवहन और संग्रहण रोकने के अभियान के तहत बुधवार को दो महत्वपूर्ण कार्रवाइयां की गईं। इंटीग्रेटेड कंट्रोल सिस्टम से 600 बैग यानी 231.5 क्विंटल धान से जुड़े अलर्ट पर कोंडागांव जिला टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर धान जब्त किया। सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ी सतर्कता और त्वरित अलर्ट-रिस्पॉन्स सिस्टम के कारण अन्य राज्यों से होने वाली अवैध धान आमद पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा रहा है।
जब्त किए गए धान के विस्तृत आंकड़े जिलावार संकलित किए जा रहे हैं, जिन्हें विभाग जल्द जारी करेगा।