रायगढ़ में पुलिस का सख्त अभियान, गांजा, अवैध शराब और जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

रायगढ़: जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के पदभार ग्रहण करने के बाद मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं जुआ के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लैलूंगा और जूटमिल पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

थाना लैलूंगा प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में ग्राम कुंजारा बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर भेखराम यादव निवासी सिहारधार एवं रूपसिंह सिदार को पकड़ा गया। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 4.277 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 32,000 रुपये), एक मोबाइल फोन एवं 420 रुपये नकद जब्त किए गए। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना लैलूंगा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में एएसआई परमेश्वर गुप्ता, आरक्षक संतराम निषाद एवं गोविंद बनर्जी शामिल रहे।

इसी क्रम में अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लैलूंगा पुलिस ने सिहारधार निवासी सकीरतन यादव पिता पुस्तम यादव उम्र 42 वर्ष को पाकरगांव जंगल रोड के पास पकड़ा। आरोपी बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल में कच्ची महुआ शराब बेचने की तैयारी में था। उसके कब्जे से 45 लीटर हाथ भट्ठी की बनी कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 4,500 रुपये) एवं मोटरसाइकिल जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है।

जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दिलदार कुरैशी एवं स्टाफ द्वारा ग्राम अमलीपाली में अजय रात्रे पिता झुमुक रात्रे उम्र 33 वर्ष के घर दबिश दी गई। यहां आरोपी के कब्जे से 10 लीटर अवैध शराब (कीमत लगभग 2,000 रुपये) जब्त की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी घर पर शराब संग्रहित कर बिक्री कर रहा है।

इसके अलावा लैलूंगा पुलिस ने नहरपारा रोड किनारे स्ट्रीट लाइट के नीचे जुआ खेलते हुए तीन जुआरियों—अलिम खान, अंकित सारथी एवं उमेश बढ़ाई—को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1,480 रुपये नकद एवं 52 पत्ती ताश जब्त कर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *