अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर सख्त निर्देश

एसएसपी विजय अग्रवाल ने क्राइम मीटिंग में अधिकारियों को दिए स्पष्ट दिशा-निर्देश

रमेश गुप्ता भिलाई । जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की उपस्थिति में अपराधों की स्थिति, विवेचना की गुणवत्ता एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि गंभीर अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की जाए तथा वरिष्ठ अधिकारियों को समय पर सूचना दी जाए। साथ ही वर्ष 2024 से पूर्व के लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नशा, जुआ-सट्टा और वारंटियों पर विशेष फोकस


एसएसपी ने अवैध नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए NDPS एवं आबकारी मामलों में सतत कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जुआ-सट्टा के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित करने के आदेश दिए गए।
त्योहारों के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
आगामी ईद एवं नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए शांति समिति का पुनर्गठन कर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। सांप्रदायिक एवं संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर जोर
बैठक में साइबर फ्रॉड एवं वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों के त्वरित निराकरण के लिए नेट ग्रिड एवं अन्य तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए। साथ ही NAFIS, ई-चालान, ई-सम्मन एवं ई-ऑफिस प्रणाली के बेहतर क्रियान्वयन पर भी बल दिया गया।
थाना स्तर पर जवाबदेही तय
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर थाना में उपस्थित रहकर आम जनता की शिकायतें सुनें और उनका समयबद्ध निराकरण करें। थाना मुख्यालय में रात्रि मुकाम सुनिश्चित करने तथा बीट प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए गए।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
बैठक में समंस एवं वारंट की शत-प्रतिशत तामिली, जप्त संपत्तियों के शीघ्र निपटान, लंबित प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों के निष्पादन, भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता निगरानी तथा संवेदनशील प्रकरणों में गोपनीयता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, एएसपी आईसीयूडब्लू ममता देवांगन, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, सीएसपी भिलाई सत्यप्रकाश तिवारी, सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा, एसडीओपी धमधा डॉ. चित्रा वर्मा, एसडीओपी पाटन अनुप लकड़ा सहित सभी थाना प्रभारी एवं राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *