सक्ती (पंकज पटेल): होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उतई सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंच, पंच और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शांति और सौहार्द पर जोर
बैठक के दौरान सभी उपस्थित जनों से राय ली गई और क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ होली मनाने पर जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शांति से होली मनाएं। किसी भी प्रकार का हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब के नशे में उत्पात या माहौल बिगाड़ने की कोशिश को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कड़ी सुरक्षा और चौकसी के निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी बरती जा रही है और हर मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। दंगा-फसाद फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का साथ देने की बात कही।
उपस्थिति: इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, एसडीओपी भुनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी लखन पटेल, नायब तहसीलदार सहित नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और पुलिस विभाग की टीम उपस्थित थी।