मुंगेली। राज्य की साय सरकार द्वारा नगरीय निकायों की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और व्यवस्था में सुधार के प्रयासों के बीच बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मुंगेली जिले की पंडरिया नगरपालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को पद से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा कार्यों में लापरवाही बरतने के चलते की गई है।
जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा निकायों को अपनी आय बढ़ाने के लिए संपत्तियों का नया कर निर्धारण करने और करों की वसूली पूरी गंभीरता से करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। पंडरिया सीएमओ को इस संबंध में बार-बार निर्देशित किया गया था, लेकिन उनके द्वारा संपत्तियों के नए कर निर्धारण के कार्य में लगातार देरी और लापरवाही बरती जा रही थी। शासन के निर्देशों की अवहेलना और कार्य में प्रगति न होने पर विभाग ने उन्हें सस्पेंड करने का आदेश जारी किया।
सरकार की इस सख्त कार्रवाई ने अन्य नगरीय निकायों के अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा दिया है। शासन का स्पष्ट मानना है कि आम जनता को दी जा रही राहत के साथ-साथ निकायों के राजस्व प्रबंधन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस निलंबन को विभागीय अधिकारियों के लिए एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।