रायपुर में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती: शराब पीकर वाहन चलाने वाले 132 चालकों पर कार्रवाई, इस साल अब तक 1100 के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर। शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और यातायात उपायुक्त विकास कुमार के निर्देशानुसार शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इसी क्रम में 14 मार्च की रात शहर के आठ अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते हुए 132 चालकों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, इन सभी के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पकड़े गए सभी वाहन चालकों के खिलाफ चालान बनाकर उन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि पुलिस प्रशासन नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपना रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नशे में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी से अब तक करीब 1100 ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जो नशे की हालत में ड्राइविंग करते पाए गए थे। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *