कोरिया, 07 दिसम्बर, 2025/डुभापानी ग्राम पंचायत की कुम्हारपारा बसाहट में एक समय था जब पीने के स्वच्छ पानी की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई थी। ग्रामीणों को रोजाना दूर-दराज के जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चियों को सुबह-शाम पानी लाने में काफी समय और श्रम लगाना पड़ता था। गर्मी के मौसम में हालात और भी विकट हो जाते थे। कई बार दूषित पानी के सेवन से लोग बीमार पड़ जाते थे, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता था।
जल जीवन मिशन योजना कुम्हारपारा के लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि जीवन में आई एक सकारात्मक शुरुआत बन गई है। हर घर नल जल योजना के अंतर्गत जब बसाहट में पाइपलाइन बिछाई गई और प्रत्येक घर में नल लगाए गए, तब यह सुनिश्चित हो गया कि अब कुम्हारपारा में सूरज की पहली किरण के साथ स्वच्छ जल की उपलब्धता होगी।
आज कुम्हारपारा के प्रत्येक घर में नियमित रूप से सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो रही है। महिलाओं को अब पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, जिससे समय की बचत के साथ उनकी दिनचर्या भी आसान हुई है।
ग्राम के हितग्राही श्री शिवबालक ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘अब हमें पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ता। नल से पानी आना हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। आज कुम्हारपारा में पीने के पानी की समस्या पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।’
हर घर नल जल योजना वास्तव में ग्रामीणों के जीवन में परिवर्तन लाकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरने में सफल हो रही है। यह योजना जनसमुदाय की जीवनशैली में सुधार और खुशहाली की दिशा में एक सशक्त पहल साबित हो रही है।