जगदलपुर : माओवादी संगठन में हलचल, ओडिशा की सीनियर महिला कैडर नीतू सहित चार के आत्मसमर्पण की खबर

जगदलपुर : बस्तर में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के बीच माओवादी संगठन के भीतर फिर से बेचैनी के संकेत मिले हैं। ओडिशा से जुड़े माओवादी नेटवर्क में दरार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार स्पेशल जोनल कमेटी स्तर की वरिष्ठ महिला माओवादी नीतू अपने तीन साथियों के साथ जगदलपुर पहुंची है और आत्मसमर्पण की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक नीतू के साथ कुल चार माओवादी हैं जिसमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। इन सभी पर कुल 55 लाख रुपये का इनाम घोषित है। इनमें नीतू का नाम सबसे प्रमुख है जिस पर अकेले 40 लाख रुपये का इनाम है। नीतू का संबंध माओवादी संगठन की केंद्रीय समिति से जुड़े गणेश उइके की टीम से रहा है। गत महीने ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों ने गणेश उइके को मुठभेड़ में मार गिराया था। इसके बाद संगठन में असंतोष और भय की स्थिति बनने की बात कही जा रही है।

बताया जा रहा है कि चारों माओवादी फिलहाल सीआरपीएफ के एक सुरक्षित कैंप में हैं। इस बीच उनकी एक तस्वीर सामने आने की भी चर्चा है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की ओर से अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बस्तर में पहले भी कई बड़े माओवादी कैडर आत्मसमर्पण कर चुके हैं। यदि यह खबर सही साबित होती है तो माओवादी संगठन के लिए यह एक और बड़ा झटका होगा। फिलहाल सभी की निगाहें आधिकारिक बयान पर टिकी हैं जो इस घटनाक्रम पर स्पष्ट तस्वीर पेश कर सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *