कवर्धा। जिले में 22 मार्च 2026 को ‘छ.ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ’ द्वारा प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मेलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री माननीय विजय शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में सर्वसम्मति से ‘अमृत संदेश’ के ब्यूरो चीफ और संगठन के संस्थापक सदस्य अविनाश ठाकुर को छ.ग श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।

इसके साथ ही गंडई निवासी अनिल अग्रवाल को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।*उपमुख्यमंत्री ने दी बधाई, साझा की बचपन की यादें* नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने एक भावुक संस्मरण साझा करते हुए बताया कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अविनाश ठाकुर उनके सहपाठी रहे हैं। डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में कहा, अविनाश ठाकुर मेरे बहुत ही पुराने और अच्छे मित्र हैं।

हमने स्कूली शिक्षा से लेकर कॉलेज तक की पढ़ाई साथ की है मैं उनकी कार्यकुशलता और समर्पण से भली-भांति परिचित हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में यह संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा और पत्रकारों के हितों की रक्षा होगी।इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से लगभग 400 से 500 पत्रकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में कवर्धा, कोरिया, सरगुजा, रायगढ़, दुर्ग, कोंडागांव, कांकेर, बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, राजनांदगांव, एम.सी.बी., और बिलासपुर समेत कुल 26 जिलों के पत्रकार साथी कवर्धा पहुंचे।