खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स: आयोजन की तैयारियों को लेकर खेल सचिव ने की समीक्षा बैठक

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित संचालनालय में आयोजित इस बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पुख्ता करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव यशवंत कुमार ने कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय महत्व का है और छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठा से सीधे जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खेल मैदानों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए और आयोजन के लिए सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं त्रुटिहीन होनी चाहिए।

प्रबंधों को लेकर उन्होंने निर्देशित किया कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों की सुविधा के लिए खेल स्थलों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर पर्याप्त संख्या में स्टाफ की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ठहरने और परिवहन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को जिम्मेदारी दी गई है कि वे छत्तीसगढ़ आने वाले प्रतिभागियों को राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति और पुरातात्विक धरोहरों से परिचित कराने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करें। सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है ताकि इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *