अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

महिला खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

कोरिया 9 मार्च,2026/ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिले में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 8 मार्च को उत्साह और उमंग के साथ किया गया। यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रायपुर के निर्देशन तथा कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर तीरंदाजी, फुटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, रस्साकसी और खो-खो जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।बैकुंठपुर के खेलो इंडिया लघु केंद्र बैडमिंटन हॉल तलवापारा में बैडमिंटन प्रतियोगिता, ग्राम पंचायत उमझर के मिनी स्टेडियम में तीरंदाजी, फुटबॉल, रस्साकसी एवं खो-खो तथा ग्राम पंचायत सरडी में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ।

इन प्रतियोगिताओं में जिले की महिला खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अतिथियों ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिन्ह, मेडल तथा सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अतिथियों और अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जनपद सदस्य धर्मवती राजवाड़े, सरपंच जूनापारा रीता खलखो सहित जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन को सफल बनाया।

कार्यक्रम के अंत में जिला खेल अधिकारी जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों,जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *