रायबरेली में रफ्तार का कहर: कार की टक्कर से चार की मौत, एंबुलेंस की बदहाली पर भड़के ग्रामीण

रायबरेली। गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुलतानपुर जनौली के पास रविवार रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने पैदल जा रहे सात लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में एक किशोरी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के कारण जगतपुर-डलमऊ रोड पर जाम लग गया।

जानकारी के अनुसार, जगतपुर के कोडर निवासी रिया पटेल, प्रिया पटेल, हिमांशी, शालिनी, रश्मि, साधना और आसमा चूली गांव में आयोजित एक भंडारे में शामिल होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुलतानपुर जनौली के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने इन सातों को रौंद दिया। हादसे में हिमांशी और शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को उपचार के लिए जगतपुर सीएचसी और जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान आसमा और रश्मि की भी मौत हो गई। तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना के लगभग आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन एंबुलेंस का दरवाजा आधे घंटे तक नहीं खुला, जिससे लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। घायलों के परिजनों ने इस पर गहरी नाराजगी जताई और कहा कि आपातकालीन सेवा में कार्यरत एंबुलेंस की ऐसी स्थिति जिम्मेदारों की लापरवाही को उजागर करती है।

इस बीच, लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर जाम लग गया। करीब दो किमी तक वाहनों की कतार लगी रही, जिससे दूसरी एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई। घायलों को अन्य वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया। इस दौरान जाम को खोलने के लिए पुलिस को कड़ी मेहनत करनी पड़ी।

सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है और कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *