डोंगरगढ़ दर्शन को जा रहे पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष यातायात व्यवस्था, दुर्ग पुलिस अलर्ट

रमेश गुप्ता भिलाई । चैत्र नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ दर्शन हेतु बड़ी संख्या में पदयात्रियों के आवागमन को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पदयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग की जा रही है।यातायात पुलिस द्वारा कुम्हारी से अंजोरा तक के मार्ग को अलग-अलग सेक्टर में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में पुलिस बल की तैनाती की गई है,

ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके। पुलिस की टीमें लगातार मार्ग पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।रात्रि के समय दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के उद्देश्य से पदयात्रियों के बैग एवं पीठ पर रेडियम स्टिकर लगाए जा रहे हैं, जिससे वे दूर से ही स्पष्ट दिखाई दें। इसके साथ ही पुलिस द्वारा विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिन पर संपर्क कर पदयात्री किसी भी प्रकार की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।यातायात पुलिस द्वारा पदयात्रियों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करते हुए निर्देशित किया जा रहा है कि वे सड़क के बाईं ओर चलें तथा जहां संभव हो, सर्विस रोड का ही उपयोग करें।

साथ ही सड़क पर बैठने या विश्राम करने से सख्ती से मना किया गया है, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त की जा सके।पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार पदयात्रियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित एवं सतर्क यात्रा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।………………………………….. यातायात एडिशनल एसपी सुश्री रिचा मिश्रा ने सभी पदयात्रियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 9479192099 एवं 9479192029 पर तत्काल संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *