उदयपुर (सरगुजा) — विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर अरण्य परिसर, उदयपुर (सरगुजा) में वन विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम वन विभाग के रेंजर श्री फेंकू चौबे के निर्देशन में संपन्न हुआ। भाजपा महिला मंडल की कल्पना भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई। जिसमें विभिन्न गांवों के सरपंच, वन प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्रामीण और पत्रकारों ने सक्रिय योगदान दिया। पौधारोपण के माध्यम से वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया गया।
तत्पश्चात मीटिंग हॉल में मां सरस्वती देवी की छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया गया।
वन विभाग के कर्मचारियों एवं बीट प्रभारियों ने जंगलों के दोहन, आग से बचाव तथा अन्य चुनौतियों पर प्रकाश डाला और लोगों से जंगलों की सुरक्षा के लिए अपील की। वनों से प्राप्त होने वाले लाभों जैसे ऑक्सीजन उत्पादन, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा अन्य पर्यावरणीय फायदों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम के दौरान महुआ उठाने वाले ग्रामीणों को वन विभाग की ओर से नेट तिरपाल का वितरण किया गया, जो महुआ संग्रहण में सहायक होगा।
वन अधिकारियों ने बताया कि गर्मियों के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। आग लगाने वालों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्यक्रम वन संरक्षण, सामुदायिक भागीदारी और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।