Sonia Gandhi Hospitalized : नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और दिग्गज नेता सोनिया गांधी को एक बार फिर स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम उन्हें अस्पताल लाया गया, जहाँ फिलहाल उन्हें चेस्ट स्पेशलिस्ट (छाती रोग विशेषज्ञ) की विशेष निगरानी में रखा गया है। हालांकि अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है, लेकिन बढ़ती उम्र और पुरानी बीमारियों के मद्देनजर विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी बारीकी से जांच कर रहे हैं।
Sonia Gandhi Hospitalized : सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने का मुख्य कारण दिल्ली में लगातार बढ़ रहा वायु प्रदूषण और उन्हें लंबे समय से परेशान कर रही पुरानी खांसी (Chronic Cough) की समस्या को बताया जा रहा है। सर्दियों के मौसम में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से उन्हें अक्सर सांस लेने में कठिनाई महसूस होती है। डॉक्टरों के मुताबिक, यह एक रूटीन चेकअप का भी हिस्सा हो सकता है, ताकि पुरानी समस्याओं को गंभीर होने से रोका जा सके।
गौरतलब है कि पिछले साल जून 2025 में भी पेट से जुड़ी तकलीफों की वजह से उन्हें इसी अस्पताल के गैस्ट्रो विभाग में भर्ती किया गया था। उससे पहले शिमला प्रवास के दौरान भी उनकी सेहत खराब हुई थी। बार-बार अस्पताल में भर्ती होने की खबरों ने कांग्रेस समर्थकों और कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन और पार्टी की ओर से अधिकारिक मेडिकल बुलेटिन का इंतज़ार किया जा रहा है ताकि उनकी सेहत को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सके।