रमेश गुप्ता दुर्ग । दुर्ग पुलिस ने थाना नेवई क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से दबाव बनाने, धार्मिक भावनाएं आहत करने एवं धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को आशीष नगर पश्चिम, रिसाली भिलाई निवासी 52 वर्षीय महिला ने थाना नेवई में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसका पुत्र उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए निरंतर दबाव बना रहा था। विरोध करने पर गाली-गलौज, घर में तोड़फोड़ तथा जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही घर में रखी धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंक देने एवं पूजा-पाठ में बाधा पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया।
शिकायत के परीक्षण के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298, 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 एवं 4 के तहत अपराध क्रमांक 085/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप पुष्ट पाए जाने पर 17 फरवरी 2026 को आरोपी होशांग वर्मा, निवासी आशीष नगर पश्चिम, रिसाली भिलाई को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में संबंधित लिखित दस्तावेज एवं अन्य साक्ष्य सामग्री जब्त की गई है। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना नेवई के उप निरीक्षक सुरेंद्र तारम, आरक्षक शाहबाज खान एवं आरक्षक विजय कुर्रे की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की।
दुर्ग में धर्म परिवर्तन के लिए मां पर दबाव बनाने वाला बेटा गिरफ्तार; घर में तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी का आरोप

17
Feb