मां पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाला आरोपी पुत्र गिरफ्तार: घर में की तोड़फोड़ और मूर्तियां फेंकने का आरोप, नेवई पुलिस की कार्रवाई

भिलाईनगर। भिलाई के नेवई थाना क्षेत्र में ईसाई धर्म अपनाने के लिए अपनी मां पर जबरन दबाव बनाने और धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गाली-गलौज, घर में तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के साथ-साथ पूजा-पाठ में बाधा डालने के गंभीर आरोप हैं।

ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, रिसाली के आशीष नगर पश्चिम निवासी प्रार्थिया सरोज वर्मा ने 16 फरवरी को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि उसका पुत्र होशांग वर्मा पिछले काफी समय से उन पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए निरंतर दबाव बना रहा है। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और घर में तोड़फोड़ की। प्रार्थिया का आरोप है कि बेटे ने घर में स्थापित धार्मिक मूर्तियों को हटाकर फेंक दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी होशांग वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *