कटरा। जम्मू-कश्मीर में बदले मौसम के मिजाज के बाद त्रिकुटा पर्वत और माता वैष्णो देवी दरबार में साल की पहली बर्फबारी हुई है। भारी बर्फबारी और फिसलन को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एहतियातन यात्रा पर फिलहाल रोक लगा दी है। बीती रात से ही भवन और आसपास के इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है, जिससे पूरा नजारा बदल गया है।
कटरा में रोके गए श्रद्धालु, मौसम खुलने का इंतजार
श्राइन बोर्ड ने सूचना जारी करते हुए बताया कि खराब मौसम और रास्ते में बर्फ जमा होने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। फिलहाल यात्रियों को कटरा और बेस कैंप में ही रुकने की सलाह दी गई है। बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही मौसम साफ होगा और रास्ता चलने लायक हो जाएगा, यात्रा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। तब तक भक्तों को प्रतीक्षा करने को कहा गया है।
प्राचीन गुफा के खुलते ही उमड़ी भीड़, मौसम ने डाला खलल
इन दिनों वैष्णो देवी दरबार में प्राचीन गुफा के द्वार दर्शन के लिए खुले हुए हैं, जिसके कारण भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा था। आम तौर पर श्रद्धालु नई गुफा से दर्शन करते हैं, लेकिन पुरानी गुफा खुलने की जानकारी मिलते ही हजारों की संख्या में यात्री कटरा पहुंचे थे। इसी बीच अचानक हुई बर्फबारी ने भक्तों के सफर को बीच में ही रोक दिया है।
पुरानी घटनाओं से लिया सबक
प्रशासन इस बार सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है। गौरतलब है कि पिछले साल अगस्त में अर्धकुंवारी के पास भीषण भूस्खलन हुआ था, जिसमें 30 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। उस हादसे के बाद यात्रा लंबे समय तक प्रभावित रही थी। इसके अलावा जुलाई में भी यात्री शेड गिरने की घटना हुई थी। पुरानी आपदाओं से सबक लेते हुए बोर्ड इस बार मौसम की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।