चंदौली में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरा, जिलाधिकारी ने जेई को किया सस्पेंड और एफआईआर के दिए निर्देश

चंदौली। जनपद के सदर तहसील अंतर्गत बनौली खुर्द गांव में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-गया रेल रूट पर सेतु निगम द्वारा बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब ढलाई के दौरान अचानक गिर गया। शटरिंग का संतुलन बिगड़ने से पूरा ढांचा ढह गया, हालांकि वहां मौजूद मजदूरों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आदित्य लांगहे ने मौके का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर सख्त रुख अपनाते हुए कार्यदायी संस्था सेतु निगम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रोजेक्ट मैनेजर और सहायक अभियंता (एई) के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएम ने इस पूरे मामले की तकनीकी जांच लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता से कराने के निर्देश दिए हैं।

ठेकेदार के अनुसार, रात में ढलाई कार्य के दौरान नीचे लगी शटरिंग अचानक बैठ गई। बताया जा रहा है कि पास के खेतों में पानी भरे होने के कारण जमीन नरम हो गई थी, जिससे शटरिंग डिसबैलेंस हो गई। जब स्लैब धीरे-धीरे नीचे आने लगा, तब मजदूरों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना ने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस मामले को लेकर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इस घटना की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सरकार पर निशाना साधा है। विपक्ष ने इसे भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण का परिणाम बताया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *