भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पटना में भव्य स्वागत, छह किमी लंबा रोड शो

पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद बांकीपुर विधायक नितिन नबीन मंगलवार को पहली बार दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। दिल्ली से पटना आगमन के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पटना एयरपोर्ट से नितिन नबीन रथ पर सवार होकर निकले, जहां से उनके भव्य रोड शो की शुरुआत हुई। रथ पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी मौजूद रहे।

एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और नितिन नबीन जिंदाबाद के नारों से पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो गया। हालात ऐसे बने कि रथ करीब पांच मिनट तक एयरपोर्ट गेट से आगे नहीं बढ़ सका। सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

नितिन नबीन के स्वागत को खास बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। हाथी, ऊंट और घोड़े रथ यात्रा की शोभा बढ़ाते नजर आए। पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने भोजपुरी गीतों पर नृत्य कर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत द्वार लगाए गए थे, जिससे रोड शो एक बड़े राजनीतिक उत्सव का रूप लेता दिखा।

रोड शो के कारण एयरपोर्ट क्षेत्र में एक किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। कई वाहन जाम में फंसे रहे और फ्लाइट पकड़ने पहुंचे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ यात्रियों को सामान लेकर पैदल ही एयरपोर्ट जाना पड़ा। यातायात पुलिस और प्रशासन ने धीरे-धीरे स्थिति संभाली, लेकिन भारी भीड़ के कारण कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रथ जैसे ही एयरपोर्ट गेट से बाहर निकला, सड़क के दोनों ओर कार्यकर्ताओं की कतारें लग गईं। लोग अपने नेता की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे। सुरक्षा बल लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और रथ के मार्ग को खाली रखने में जुटे रहे। इसके बाद एयरपोर्ट मोड़ से होते हुए रथ नेहरू पथ की ओर आगे बढ़ा।

नितिन नबीन का पटना में करीब छह किलोमीटर लंबा रोड शो मिलर हाई स्कूल मैदान में जाकर समाप्त होगा। रथ पर खड़े होकर वे लगातार हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते रहे। उनके साथ मौजूद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नितिन नबीन को यह पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में बिहार भाजपा पूरी ताकत से योगदान देगी। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के जरिए बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *