बिजनौर। चांदपुर क्षेत्र में गुरुवार शाम इंटरमीडिएट की अंतिम बोर्ड परीक्षा के बाद घर लौट रही छह छात्राएं एक साथ लापता हो गई हैं। छात्राओं के घर न पहुंचने से परिजनों में हड़कंप मच गया है। लापता हुई छात्राओं में रोनिया, सियाउ और चांदपुर नगर की दो-दो छात्राएं शामिल हैं।
परिजनों का आरोप है कि वे घटना की सूचना देने के लिए रात में ही थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई में देरी की। बाद में आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी और सर्विलांस समेत तीन टीमें गठित कर दी गई हैं।
जांच के दौरान एक छात्रा के मोबाइल की लोकेशन हरिद्वार में मिली थी, लेकिन अब वह फोन बंद है। पुलिस की टीमें लोकेशन के आधार पर हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दे रही हैं। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है।
क्षेत्र में पहले भी लड़कियों के लापता होने के कुछ अनसुलझे मामलों के कारण परिजनों में अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गहरा डर बना हुआ है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई सामाजिक संगठनों ने भी थाने पहुंचकर जल्द बरामदगी की मांग की है। संगठनों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही छात्राओं का सुराग नहीं लगा, तो वे आंदोलन करेंगे।