धमतरी। नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने शहर के स्टेशन पारा के नाम से प्रसिद्ध औद्योगिक वार्ड का सघन दौरा कर वहां की मूलभूत समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने औपचारिकता से हटकर सीधे आम नागरिकों के बीच पहुंचकर एक चबूतरे पर जमीन में बैठकर वार्डवासियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। महापौर के इस सहज और सरल व्यवहार से लोग काफी प्रभावित नजर आए।
दौरे के दौरान वार्डवासियों ने सफाई व्यवस्था में सुधार, नालियों की नियमित सफाई, पानी निकासी की समस्या, सड़कों की मरम्मत सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। महापौर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जलभराव और गंदगी की समस्या पर नाराजगी जताते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
महापौर रामू रोहरा ने वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था और नालियों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से इसका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास पक्के मकान नहीं हैं, वे इस योजना के माध्यम से अपना स्वयं का घर बना सकते हैं और नगर निगम इसमें हर संभव सहयोग करेगा।
वार्डवासियों ने महापौर के इस दौरे की सराहना करते हुए कहा कि वे पहले ऐसे महापौर हैं जो स्वयं उनके बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र होगा।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से वे लगातार वार्डों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि शहरवासियों को बेहतर और सुगम सुविधाएं मिल सकें।
रामू मामा” के नाम से बच्चों के बीच लोकप्रिय महापौर,
नगर निगम महापौर रामू रोहरा का आमजन के साथ-साथ बच्चों के बीच भी खासा जुड़ाव देखने को मिलता है। शहर के विभिन्न कार्यक्रमों में जब भी वे पहुंचते हैं, बच्चे उन्हें स्नेहपूर्वक “रामू मामा” और “रामू अंकल” कहकर घेर लेते हैं। स्टेशन पारा के औद्योगिक वार्ड में उनके दौरे के दौरान भी कुछ ऐसा ही आत्मीय दृश्य देखने को मिला।
जैसे ही महापौर वार्ड में पहुंचे, आसपास के बच्चे उत्साह के साथ उनके पास आ गए और उनसे बातचीत करने लगे। महापौर ने भी बच्चों से बड़े ही स्नेह और अपनत्व के साथ मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और पढ़ाई-लिखाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से स्कूल जाएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता व शहर का नाम रोशन करें।
बच्चों के साथ महापौर का यह सहज और आत्मीय व्यवहार वार्डवासियों को भी काफी पसंद आया। लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का इस तरह आम लोगों, खासकर बच्चों से जुड़ाव होना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।