सीतापुर (मैनपाट)। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने क्षेत्र के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। आज मैनपाट ब्लॉक के दौरे पर पहुंचे विधायक ने गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य पाए जाने पर तत्काल उसे तोड़ने और दोबारा बनाने का आदेश जारी कर दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह सीधे तौर पर क्षेत्र के विकास से जुड़ा मामला है।
निरीक्षण के दौरान ही दिया तोड़ने का आदेश विधायक रामकुमार टोप्पो अपने क्षेत्र के विकास कार्यों का जायजा लेने ग्राम करमहा पहुंचे थे। वहां उन्होंने सड़क किनारे बन रही रिटर्निंग वॉल का बारीकी से निरीक्षण किया। दीवार के निर्माण में गुणवत्ता की भारी कमी और घटिया सामग्री का उपयोग देख विधायक बिफर पड़े। उन्होंने निरीक्षण के दौरान ही अधिकारियों को इस निर्माण कार्य को पूरी तरह तोड़कर नए सिरे से मानक स्तर पर बनाने का निर्देश दे दिया।

नवनिर्मित पुल पर भी चला ‘हथौड़ा’ इसके उपरांत विधायक ने ग्राम करमहा में ही सड़क पर बने एक नवनिर्मित पुल का निरीक्षण किया। वहां भी गुणवत्ता में भारी खामियां नजर आईं। भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए विधायक ने उस पुल को भी तत्काल प्रभाव से तोड़कर दोबारा बनाने के लिए निर्देशित किया। विधायक की इस तत्परता और सख्त रवैये से क्षेत्र के ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र के निर्माण कार्यों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
सुदूर गांवों में पहली बार पहुंचे विधायक, ग्रामीण हुए गदगद निर्माण कार्यों के निरीक्षण के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो मैनपाट के अति दूरस्थ ग्राम असंगवा और सुगापानी पहुंचे। वहां उन्होंने प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल निर्माण हेतु स्थल का चयन और निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों की आंखों में खुशी साफ देखी जा सकती थी। ग्रामीणों का कहना था कि आज तक इस दुर्गम और सुदूर गांव में कोई भी विधायक नहीं पहुंचा है।

बिजली, पानी और सड़क के लिए दिया आश्वासन ग्रामीणों की दयनीय स्थिति को देखकर विधायक ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव में शुद्ध पेयजल, बिजली आपूर्ति, आवागमन के लिए पक्की सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को यथाशीघ्र पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक के साथ मैनपाट के स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।