बांग्लादेश में सांस्कृतिक हमलों के बीच सिंगर जेम्स का कॉन्सर्ट रद्द, तस्लीमा नसरीन ने जताई कड़ी नाराजगी

नई दिल्ली। बांग्लादेश में कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों पर हो रहे हमलों के बीच ढाका से करीब 120 किलोमीटर दूर फरीदपुर में मशहूर गायक जेम्स का कॉन्सर्ट रद्द कर दिया गया। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार यह कार्यक्रम शुक्रवार रात 9 बजे एक स्कूल की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जाना था।

बताया गया कि कार्यक्रम से पहले कुछ हमलावरों ने आयोजन स्थल में जबरन घुसने की कोशिश की और भीड़ पर ईंट-पत्थर फेंके। स्थानीय लोगों के अनुसार छात्रों ने हमलावरों का विरोध किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन के निर्देश पर संगीत कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

इस घटना पर लेखिका तस्लीमा नसरीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सांस्कृतिक केंद्र छायानाट को जलाकर नष्ट कर दिया गया और अब जिहादियों ने प्रसिद्ध गायक जेम्स को भी मंच पर प्रस्तुति देने से रोक दिया।

तस्लीमा नसरीन ने आगे कहा कि कुछ दिन पहले विश्व प्रसिद्ध उस्ताद अलाउद्दीन खान के पौत्र और मैहर घराना के प्रतिष्ठित कलाकार सिराज अली खान ढाका आए थे, लेकिन कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर असंतोष जताते हुए बिना किसी कार्यक्रम के भारत लौट गए। उन्होंने स्पष्ट किया था कि जब तक बांग्लादेश में कलाकारों और संगीत की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, वे वहां प्रस्तुति नहीं देंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि दो दिन पहले उस्ताद राशिद खान के बेटे अरमान खान ने भी ढाका आने का निमंत्रण ठुकरा दिया। अरमान खान ने कहा कि वे ऐसे देश में कदम नहीं रखना चाहते, जहां संगीत और कलाकारों के प्रति नफरत का माहौल हो।

उल्लेखनीय है कि जेम्स बांग्लादेश के प्रसिद्ध गायक, गीतकार और गिटारवादक हैं। वे रॉक बैंड नगर बाउल के मुख्य गायक और गीतकार हैं। हिंदी फिल्मों में भी उन्होंने कई लोकप्रिय गीत गाए हैं, जिनमें फिल्म गैंगस्टर का भीगी भीगी और लाइफ इन ए मेट्रो का अलविदा शामिल है। बांग्लादेश में उनकी लोकप्रियता बेहद व्यापक है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *