रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल के रजत जयंती पदक का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने पिछले 25 वर्षों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण वीरता का परिचय दिया है। उनके समर्पण और बलिदान को सम्मानित करने के लिए गणतंत्र दिवस पर रजत जयंती पदक देने की घोषणा की गई थी, जिसे आज मूर्त रूप दिया गया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पदक छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। चांदी के रंग का यह गोल पदक अग्र भाग में साल वृक्ष और पीछे पहाड़ी मैना के उभरे चित्र से सुसज्जित है। पदक को वर्दी की बाईं ओर निर्धारित वरीयता क्रम में धारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद और टीम भावना का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, संरक्षण और दीर्घकालीन योगदान का संदेश देता है। यह पदक छत्तीसगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।