दिलीप गुप्ता
सरायपाली : ग्राम छुईपाली में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के रजत जयंती अवसर पर रजत महोत्सव का आयोजन किया गया ।
इस अवसर पर कनिष्ठ अभियंता विपिन कुमार साहू ने विभाग में चल रही विभिन्न योजनाओं जैसे कि कृषक जीवन ज्योति योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और हाफ बिजली माफ योजना की जानकारी देते हुए बताया कि कैसे ये योजनाएं लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं। कृषक जीवन ज्योति योजना के तहत किसानों को सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनकी खेती की लागत कम हो रही है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लोगों को सोलर पैनल लगाकर मुफ्त बिजली प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके बिजली बिल में भारी कमी आई है। हाफ बिजली माफ योजना के तहत गरीब परिवारों को आधा बिजली बिल माफ किया जा रहा है, जिससे उन्हें राहत मिल रही है।

इसके बाद पीएम सूर्य घर के उपभोक्ता जयप्रकाश अग्रवाल और प्रवीण अग्रवाल ने अपना अनुभव साझा किया कि कैसे सोलर लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल मुफ्त हो गया या नेगेटिव में आने लगा है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगने से न केवल उनका बिजली बिल कम हुआ है, बल्कि वे अतिरिक्त बिजली को बेचकर आय भी प्राप्त कर रहे हैं।
उनके अनुभव को सुनकर मुख्य अतिथि डॉक्टर बिरंची बेताल बहुत प्रभावित हुए और सोलर लगाने की इच्छा जताई। सरपंच बलराम पटेल ने इस आयोजन की सराहना की और कहा कि यह छुईपाली के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि छुईपाली वितरण केंद्र की ये योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं और आगे भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे।