कोरिया जिले के सिद्धांत सिंह राज्य स्तर पर सम्मानित, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर छात्र व परिजन गदगद

कोरिया, 23 जनवरी 2026
कोरिया जिले के मेधावी छात्र सिद्धांत सिंह, आत्मज प्रकाश कुमार सिंह, को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए प्रदेश के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के कर- कमलों से सम्मानित किया गया।

सिद्धांत सिंह आदर्श सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर के विद्यार्थी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2024 में प्रावीण्य सूची में छठवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं अभिभावकों में हर्ष और गर्व का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि कोरिया जिले में विगत दो वर्षों से जिला प्रशासन के निर्देशानुसार शिक्षा विभाग द्वारा ‘मिशन का सफल संचालन किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2025 में कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 92 प्रतिशत रहा, जिससे जिले को राज्य में चौथा स्थान, वहीं कक्षा 12वीं में 93 प्रतिशत परिणाम के साथ राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।

मिशन के प्रभाव से जिले में शिक्षा का स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है। वर्तमान सत्र में भी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी ने सिद्धांत सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

स./मानिकपुरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *