जशपुर के सरकारी स्कूल में छात्रों को बाइबिल बांटने का मामला, व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में नियमों के विरुद्ध छात्रों को धार्मिक पुस्तक बाइबिल बांटने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि विद्यालय के एक व्याख्याता ने कक्षा में विद्यार्थियों को बाइबिल की प्रतियां वितरित की, जिसके बाद स्कूल प्रशासन में खलबली मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को व्याख्याता दीपक तिग्गा विद्यालय देरी से पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्राचार्य को सूचित किए बिना सीधे कक्षा में जाकर छात्रों के बीच बाइबिल की पुस्तिकाएं बांटी। घटना की जानकारी मिलने पर जब विद्यार्थियों के बैग की जांच की गई, तो वहां से बाइबिल की 14 प्रतियां बरामद हुईं। विद्यालय के प्राचार्य ने इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए संबंधित व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उनसे 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है और व्याख्याता के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई है। वर्तमान में शिक्षा विभाग इस प्रकरण की गहनता से जांच कर रहा है। वहीं दूसरी ओर, नियमों की अनदेखी करने वाले व्याख्याता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग भी की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *