भानुप्रतापपुर। दुर्गुकोंदल क्षेत्र में बढ़ती महंगाई को लेकर शिवसेना ने मोर्चा खोल दिया है। शिवसेना दुर्गुकोंदल इकाई ने आम जनता को साथ लेकर महंगाई के विरोध में जनआंदोलन शुरू किया और तहसीलदार दुर्गुकोंदल के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
शिवसेना नेताओं ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही कमर तोड़ महंगाई ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। आटा, दाल, तेल, रसोई गैस और पेट्रोलियम पदार्थों के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के पास ऐसी कोई प्रभावी आर्थिक नीति नहीं है, जिससे महंगाई पर नियंत्रण किया जा सके। यही कारण है कि अब जनता को साथ लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
सरकार को चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से मांग की गई है कि बढ़ती महंगाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो पूरे देश में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
इस आंदोलन को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इसका असर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
महंगाई के खिलाफ शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन

10
Apr