रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड का असर बना हुआ है। फिलहाल ठंड से राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक शीत लहर चलने की संभावना जताई है। इस दौरान तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के एक-दो इलाकों में शीत लहर दर्ज की गई। इस दौरान अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट संभव है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम विभाग ने 8 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों के एक-दो इलाकों में शीत लहर की चेतावनी जारी की है। इसी तरह 8 से 9 जनवरी तक रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में भी शीत लहर के आसार बने रहेंगे।
राजधानी रायपुर में आज मौसम शुष्क रहने के साथ धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।