रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सरगुजा संभाग में सबसे अधिक ठंड पड़ रही है, जहां कुछ स्थानों पर शीतलहर जैसी स्थिति दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी शाम ढलने के बाद सुबह तक अच्छी ठंड पड़ रही है। लोग गरम कपड़ों का उपयोग कर रहे हैं। आगामी तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर शीतलहर दर्ज की गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.8 डिग्री कम) तथा न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम) दर्ज किया गया। सुबह आर्द्रता 76 प्रतिशत एवं शाम को 48 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 2 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
अन्य प्रमुख स्थानों में न्यूनतम तापमान: माना एयरपोर्ट 8.9 डिग्री, बिलासपुर 11 डिग्री, पेंड्रारोड 7 डिग्री, जगदलपुर 9.5 डिग्री एवं दुर्ग 9.2 डिग्री सेल्सियस।
मौसम विभाग ने उत्तरी छत्तीसगढ़ में आगामी तीन दिनों तक कहीं-कहीं शीतलहर की संभावना जताई है। रायपुर में रविवार को हल्के बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 27 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।