राजनांदगांव में ट्रेनों में वसूली करने वाली सात फर्जी किन्नर गिरफ्तार: आरपीएफ ने हेल्पलाइन 139 की शिकायत पर की कार्रवाई

राजनांदगांव: ट्रेनों में यात्रियों से जबरन वसूली करने वाले तत्वों के खिलाफ राजनांदगांव रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ ने ट्रेन में किन्नर बनकर यात्रियों को परेशान करने वाली सात महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर मिली शिकायत के आधार पर की गई है।

रेलवे सुरक्षा बल से मिली जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 22846 में कुछ लोग किन्नर का वेश धारण कर यात्रियों से पैसों की मांग कर रहे हैं और उन्हें डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने संबंधित कोचों में जांच अभियान चलाया, जहां सात महिलाएं किन्नर बनकर यात्रियों से अभद्र व्यवहार और अवैध वसूली करते हुए पाई गईं।

पकड़ी गई सभी महिलाओं को राजनांदगांव आरपीएफ पोस्ट लाया गया। यहां उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 145 और 137 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पूछताछ में पता चला कि ये महिलाएं यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर फर्जी तरीके से वसूली कर रही थीं।

आरपीएफ प्रभारी तरुणा साहू ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। इस तरह की अवैध गतिविधियों और जबरन वसूली को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति उन्हें परेशान करता है या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें। आरपीएफ द्वारा भविष्य में भी इस तरह के जांच अभियान जारी रखे जाएंगे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *