मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक चौंकाने वाली आपराधिक घटना सामने आई है। सिरोल थाना क्षेत्र में देर रात कांग्रेस नेता के घर हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। लूट का विरोध करने पर आरोपियों ने फायरिंग की और घर में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर करीब 20 तोला सोना, नकदी राशि और एक लाइसेंसी बंदूक लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोकुलधाम इलाके में रहने वाले कांग्रेस नेता राजकुमार पाराशर के घर मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाश घुसे। बदमाशों ने पहले घरवालों को डराया-धमकाया और जब लूट का विरोध हुआ तो उन्होंने बंदूक से फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर कीमती सामान लूट लिया गया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित कांग्रेस नेता की शिकायत पर सिरोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।