नोएडा में वेलेंटाइन डे पर सनसनीखेज वारदात, प्रेमी ने प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुदकुशी की

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में वेलेंटाइन डे के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 107 रोड पर एक प्रेमी ने कार के भीतर अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। सड़क किनारे खड़ी कार में दो शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के अंदर से दोनों के शव बरामद किए। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से एक पिस्टल और कुछ कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक प्रेमी और प्रेमिका दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके के रहने वाले थे।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला प्रेम प्रसंग में उपजे विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

इस दोहरे हत्याकांड और आत्महत्या की घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उनसे पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *