छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सांकरा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने उन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने तस्करी के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया था और जवानों को वाहन से कुचलने का प्रयास किया था।

पुलिस वाहन में लगी आग, तस्कर फरार
यह घटना 23 जनवरी 2026 की है। सांकरा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मारुति सुजुकी ईको कार (MP05 ZE 8685) में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। नेशनल हाईवे पर घेराबंदी के दौरान तस्करों ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की।
इस दौरान तस्करों की गाड़ी अनियंत्रित होकर पुलिस वाहन से टकरा गई, जिससे पुलिस की गाड़ी में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस ने कार से 39.680 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
मध्यप्रदेश से दो आरोपी गिरफ्तार
ANTF और सांकरा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। विशेष टीम ने मध्यप्रदेश में दबिश देकर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया—
- राकेश चौकसे (वाहन चालक), निवासी नरसिंहपुर, मध्यप्रदेश
- मोनू राय (वाहन मालिक), निवासी होशंगाबाद, मध्यप्रदेश
पुलिस के अनुसार मोनू राय इस गिरोह का फॉरवर्ड लिंक है, जो पिछले डेढ़ साल से गांजा की पुड़िया बनाकर अवैध बिक्री में संलिप्त था।
ANTF की बड़ी कार्रवाई
ANTF ने वर्ष 2026 की शुरुआत में ही नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। अब तक 30 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 2152.981 किलोग्राम अवैध गांजा और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। जब्त मादक पदार्थों की कुल बाजार कीमत 10.73 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
- जब्त गांजा: 39.680 किलोग्राम (अनुमानित कीमत ₹19.84 लाख)
- जब्त वाहन: मारुति सुजुकी ईको (कीमत लगभग ₹8 लाख)
- आरोपी: राकेश चौकसे, मोनू राय
- धाराएं: NDPS एक्ट और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।