सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अतरवा (लोहरा बैरिहवाटोला) में आधी रात को दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया। जादू-टोने के संदेह में दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि इस हमले में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब ग्रामीणों को इस खौफनाक वारदात का पता चला, तो घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जियावन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ ही कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और घायलों का उपचार जारी है।