खंडवा में दिनदहाड़े डकैती से सनसनी, 7-8 हथियारबंद बदमाशों ने मजदूरों को बंधक बनाकर 1.60 लाख की लूट

खंडवा (मध्यप्रदेश)। जिले के नर्मदानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पामाखेड़ी में गुरुवार को दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने खेत पर बने मकान में घुसकर मजदूरों को बंधक बना लिया और नकदी समेत लाइसेंसी बंदूक लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, काले रंग की कार में सवार 7 से 8 हथियारबंद बदमाश ग्राम पामाखेड़ी स्थित ललित और वासुदेव सोलंकी के खेत पर बने मकान में पहुंचे। उस समय परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे, जबकि घर पर तीन मजदूर मौजूद थे।

मजदूरों को बांधकर कमरे में किया बंद

बदमाशों ने घर में मौजूद तीनों मजदूरों को रस्सी से बांध दिया और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर की तलाशी ली और 1.60 लाख रुपये नकद तथा 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक लेकर फरार हो गए।

पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही नर्मदानगर थाना प्रभारी विकास खींची पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए खंडवा से एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश के लिए इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

दिनदहाड़े हुई इस डकैती की वारदात से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *