बीजापुर। जिले के अंदरूनी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ जनविश्वास मजबूत करने की दिशा में बी/62वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा ग्राम नूकानपाल में सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत आसपास के गांवों से पहुंचे जरूरतमंद ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम पुलिस उप महानिरीक्षक बी.एस. नेगी तथा कमांडेंट दीपक मेहरा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। सहायक कमांडेंट अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में नूकानपाल, धारावरम, बोदल-पुंगर, पुसगुड़ी और होसुरपाल सहित कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सिविक एक्शन कार्यक्रम के दौरान कंबल, सोलर लैंप, खेल सामग्री, स्कूली बच्चों के लिए पढ़ाई का सामान और किसानों के लिए कृषि उपयोगी वस्तुएं वितरित की गईं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी और क्षेत्र में शांति एवं विकास के लिए सहयोग करने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास मजबूत होता है, जिससे क्षेत्र में विकास की गति तेज होती है। कार्यक्रम में निरीक्षक आकाश साहू, थाना प्रभारी मोदकपाल, बटालियन के अधिकारी-जवान, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सुरक्षा बलों ने जीता ग्रामीणों का दिल, नूकानपाल में सीआरपीएफ ने सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत बांटी राहत सामग्री

19
Feb