सरगुजा। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल की अमेरा खदान में कोयला चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। खदान से खुलेआम कोयला निकालते महिला, पुरुष और बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण खदान परिसर के भीतर घुसकर कोयला निकालते नजर आ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यहां से प्रतिदिन 100 टन से अधिक कोयले का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, जिससे सरकार को हर दिन लाखों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है। इस चोरी के कोयले को मोटरसाइकिल और अन्य छोटे वाहनों के माध्यम से आसपास के ईंट भट्ठों में खपाया जा रहा है।
खबर यह भी है कि चोरी रोकने की कोशिश करने वाले खदान कर्मियों पर ग्रामीणों द्वारा हमला कर दिया जाता है। इस कारण कर्मचारियों के बीच भारी दहशत है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एसईसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन की ढिलाई के कारण यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
हालांकि पूर्व में पुलिस ने कुछ ग्रामीणों पर कार्रवाई की थी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। अब वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।