नई दिल्ली/गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। शनिवार देर रात जारी इस लिस्ट में पार्टी ने 23 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इससे पहले कांग्रेस 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है, जिसके बाद अब तक पार्टी कुल 65 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है।
असम की 126 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 15 सीटें अपने सहयोगी दलों के लिए छोड़ने का निर्णय लिया है। इन सीटों में प्लासबारी, गुवाहाटी सेंट्रल, मोरीगांव, गोरेश्वर और ब्रह्मपुर जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
किसे कहां से मिला टिकट
कांग्रेस की दूसरी सूची में कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों को जगह मिली है। पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पूर्व सांसद अब्दुल खालिक को मंडिया विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा गया है। इसी तरह शांतनु बोरा को न्यू गुवाहाटी, नूरुल इस्लाम को श्रीजनग्राम, डेविड फूकन को तिनसुकिया और बिपुल गोगोई को टिंगखोंग से टिकट दिया गया है। गौरतलब है कि पहली सूची में प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई को जोरहाट से उम्मीदवार बनाया गया था।
जल्द हो सकता है चुनाव की तारीखों का ऐलान
असम समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग की टीम अपना दौरा पूरा कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त के नेतृत्व में आयोग की टीम ने सुरक्षा और तैयारियों का जायजा ले लिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार या सोमवार तक चुनाव आयोग असम, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में मतदान की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। असम में चुनाव अप्रैल-मई के बीच संभावित हैं।
