सत्य साई संजीवनी अस्पताल ने रचा इतिहास, एक ही दिन में सबसे अधिक शिशु हृदय मरीजों की उपस्थिति से बनाया विश्व रिकॉर्ड

रायपुर. सत्य साई संजीवनी अस्पताल ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। अस्पताल ने एक ही दिन में सर्वाधिक शिशु हृदय मरीजों की उपस्थिति दर्ज कराते हुए यह उपलब्धि हासिल की। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक स्वप्निल ने सत्य साई सौभाग्यम् में आयोजित समारोह में रिकॉर्ड की औपचारिक घोषणा की।

इससे पहले 1020 मरीजों का रिकॉर्ड था, जिसे अस्पताल ने 1758 मरीजों की उपस्थिति से तोड़ दिया। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से मरीज पहुंचे, जिनमें नागालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों के बच्चे भी शामिल रहे। सभी मरीजों ने हरे, केसरिया और सफेद रंग की टी-शर्ट पहनकर तिरंगे के आकार में बैठकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

अस्पताल ने इन सभी 1758 बच्चों का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन किया है। निर्णायक स्वप्निल ने पुष्टि की कि आयोजन ने गिनीज रिकॉर्ड्स के सभी निर्धारित मानकों को पूरा किया है। समारोह में पद्मभूषण क्रिकेटर सुनील गावस्कर और सत्य साई स्वास्थ्य एवं शिक्षा ट्रस्ट के न्यासी विवेक गौर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सत्य साई संजीवनी अस्पताल इससे पहले भी 20 नवंबर 2020 को अपनी 10वीं वर्षगांठ के अवसर पर गिनीज रिकॉर्ड बना चुका है। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सी. श्रीनिवास ने इस पुरस्कार को छत्तीसगढ़ राज्य और अस्पताल की चिकित्सा टीमों को समर्पित किया। उन्होंने इसे भगवान सत्य साई बाबा के 100वें जन्म वर्ष को समर्पित करते हुए कहा कि 13 वर्षों की निःस्वार्थ सेवा ने छत्तीसगढ़ को वैश्विक पहचान दिलाई है।

डॉ. श्रीनिवास ने कहा कि रायपुर अब देश भर के बाल हृदय रोगियों के उपचार का प्रमुख केंद्र बन गया है। उन्होंने अस्पताल को “हृदय के आकार का अस्पताल” और “बिना कैश काउंटर वाला अस्पताल” बताते हुए सभी मरीजों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह रिकॉर्ड 28 से 30 अक्टूबर 2025 के बीच आयोजित मेगा पीडियाट्रिक कार्डियक कैंप का परिणाम है। कैंप के दौरान मरीजों का पंजीकरण, गहन स्वास्थ्य जांच, 2D इको परीक्षण और व्यक्तिगत रिपोर्ट वितरण किया गया। गिनीज भागीदारी से पहले सभी प्रतिभागियों की फिटनेस जांच सुनिश्चित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *