बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजा की धूम, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान

सक्ती। समीपवर्ती ग्राम सकरेली कलां के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मां सरस्वती की आराधना के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभावान छात्राओं का जलवा देखने को मिला। शैक्षणिक सत्र 2024-25 की परीक्षाओं में कक्षा दसवीं और बारहवीं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रतीक चिन्ह और उपहार देकर सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि शीर्ष स्थानों पर केवल छात्राओं ने ही कब्जा जमाया।

विद्यार्थियों के उत्साह को दोगुना करने के लिए शाला के वरिष्ठ शिक्षक राम चन्द्र देवांगन ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सकरेली कलां पंचायत से जो भी विद्यार्थी कक्षा दसवीं या बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में ‘टॉप टेन’ में स्थान बनाएगा, उसे उनकी ओर से ₹51,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इससे पहले शाला विकास समिति के अध्यक्ष रोशन लाल पटेल भी टॉप टेन में आने वाले मेधावियों के लिए ₹21,000 की राशि देने का ऐलान कर चुके हैं।

समारोह में पुरस्कृत होने वाली छात्राओं में दसवीं से तनीषा, आकांक्षा, सरस्वती, शीतल, मधु, सुहानी, सुष्मिता, कुमकुम और बारहवीं से नम्रता, आरती, हेमलता, सन्ध्या, सुमित्रा व हेमा शामिल रहीं। कार्यक्रम के दौरान ग्राम के गणमान्य नागरिकों और समाजसेवकों ने बच्चों को बेहतर भविष्य और सर्वोच्च अंक लाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *