सक्ती कलेक्टर का आधी रात ‘एक्शन मोड’: खुद पकड़ी धान से भरी गाड़ी, बिचौलियों में मचा हड़कंप

सक्ती, 21 जनवरी 2026: सक्ती जिले में अवैध धान के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो स्वयं मैदान में उतर आए हैं। बीती रात जब पूरा शहर सो रहा था, तब कलेक्टर साहब सड़कों पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अवैध धान से भरी एक माजदा गाड़ी को रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद से पूरे जिले के कोचियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।

आधी रात को बरपाली के पास घेराबंदी

जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण करने निकले थे। इसी दौरान बरपालीकला के पास कोरबा रोड पर उन्हें एक माजदा वाहन (क्रमांक CG 12 BJ 8934) संदिग्ध हालत में नजर आया। कलेक्टर ने तुरंत गाड़ी रुकवाई और जांच दल के साथ दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच में पाया गया कि गाड़ी में 150 कट्टी (करीब 60 क्विंटल) धान अवैध रूप से लदा हुआ था।

नहीं मिले कागजात, गाड़ी हुई जब्त

पकड़ा गया वाहन संतोष कुमार (निवासी ग्राम चिकनीपाली, कोरबा) का बताया जा रहा है, जो धान को नगरदा से कोरबा की ओर ले जा रहा था। जब कलेक्टर ने धान से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी वैध कागज पेश नहीं कर सका। इसके बाद बिना देर किए 150 बोरी धान समेत वाहन को जब्त कर नगरदा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।

24 घंटे पैनी नजर, गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं

कलेक्टर तोपनो ने साफ कर दिया है कि जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध परिवहन या भंडारण की सूचना मिलते ही तुरंत एक्शन लें। प्रशासन की इस सख्ती से यह संदेश स्पष्ट है कि केवल पात्र किसानों से ही धान खरीदा जाएगा और बिचौलियों की दाल अब नहीं गलेगी। जिले के आला अधिकारी दिन-रात फील्ड में रहकर हर केंद्र पर पैनी नजर रख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *