रेलवे ई-टिकट की दलाली करते युवक को आरपीएफ ने दबोचा, भारी मात्रा में टिकट बरामद

बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑनलाइन सेंटर की आड़ में ई-टिकट की अवैध दलाली करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 25 हजार रुपये मूल्य के टिकट बरामद किए गए हैं। गर्मी और छुट्टियों के सीजन को देखते हुए आरपीएफ ने दलालों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ा है, जिसके तहत पिछले चार दिनों में सात दलालों पर कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये के अवैध टिकट जब्त किए गए हैं।

आरपीएफ की टीम को सूचना मिली थी कि सकरी मेनरोड स्थित श्री स्टेशनरी, फोटो कॉपी एवं ऑनलाइन सेंटर में अवैध रूप से ई-टिकट बनाए जा रहे हैं। सोमवार को टीम ने दुकान पर छापा मारा और संचालक तुलेश कुमार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्वयं की यूजर आईडी का उपयोग कर यात्रियों के लिए टिकट बनाता था। जांच के दौरान उसकी आईडी से 15 अन्य टिकटों का भी पता चला।

पुलिस ने मौके से 15 ई-टिकट और टिकट बनाने में उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर उसे आरपीएफ पोस्ट बिलासपुर लाया गया है।

आईआरसीटीसी के नियमों के अनुसार, एक यूजर आईडी से एक महीने में अधिकतम छह टिकट ही बुक की जा सकती हैं। हालांकि, आरपीएफ के संज्ञान में आया है कि कई दलाल एक ही आईडी से महीने में 10 से 12 टिकटें बना रहे हैं। आईआरसीटीसी ऐसे संदिग्ध आईडी की सूची रेल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल को उपलब्ध करा रहा है, जिसके आधार पर आरपीएफ लगातार निगरानी कर कार्रवाई कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *