रिटायर्ड फौजी के खंडहरनुमा मकान में मिली युवती की सड़ी-गली लाश, पास मिले ‘ब्लैक पर्स’ से खुलेगा मौत का राज?

Anuppur News : अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक रिटायर्ड फौजी के सुनसान और खंडहरनुमा मकान से एक युवती का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी तब लगी जब खेत मालिक और सेवा निवृत फौजी रामखेलावन राठौर अपने खेत पर पहुंचे थे। मकान से आती तेज दुर्गंध के बाद जब उन्होंने भीतर झांका, तो वहां क्षत-विक्षत हालत में लाश पड़ी देख उनके होश उड़ गए।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया। जांच के दौरान शव के पास से एक ‘ब्लैक पर्स’ बरामद हुआ है, जिसमें मौजूद कागज की एक पर्ची पर ‘काजल पुरी’ नाम लिखा मिला है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों का अनुमान है कि शव कई दिन पुराना है, जिसके कारण वह पूरी तरह से पहचान में नहीं आ रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ग्राम लपटा निवासी काजल पुरी पिता सुक्खीराम पनिका बीते 17 फरवरी से लापता है। गुमशुदगी की इसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने परिजनों को शिनाख्त के लिए बुलाया है। फिलहाल पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर युवती की लाश इस वीरान खंडहर तक कैसे पहुंची? क्या यह हत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश है? पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान का इंतजार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *